राजेश्वर वशिष्ठ

हज़ारों साल पुरानी बात है – मैं बैठा हूँ चीन के सम्राट शेन नुंग के साथ उनके एक बहुत बड़े बगीचे में। लोग कहते हैं यह अजीब बादशाह है, न किसी से धन छीनता है न किसी को सूली पर लटकाता है। बस दिन भर लोगों को गर्म पानी पिलाता है या जड़ी बूटियाँ बांटता है। उसका ख़याल है उबला हुआ पानी दूर करता है बीमारियों को। गंधक के चश्मों का खौलता पानी ठंडा करके पीने वाले पड़ते हैं कम बीमार। उसे लगता है राजा की जिम्मेवारी प्रजा को स्वस्थ रखना भी है।
शेन नुंग मुझसे हर रोज़ सुनता है वेदों की ऋचाएं, रामायण और महाभारत की कहानियां। उसे आश्चर्य होता है हमारे वैदिक ज्ञान पर। वह रोज़ अधिक से अधिक पूछता है आयुर्वेद के बारे में। उसे हैरानी होती है कितना ज्ञान संचित किया है भारतीयों ने।
शेन नुंग राजा होकर चलाता है हल। मैं उसे राजा जनक की कहानी सुनाता हूँ। शेन नुंग हरा भरा कर देना चाहता है चीन का पठारी हिस्सा। उसे लगता है पत्थर भी हो सकते हैं हरे। अजीब सनकी बादशाह है। उसे नहीं चाहिए तलवारों के लिए लोहा। उसे नहीं चाहिए लड़ाके जवान। उसे सिर्फ ज़रुरत है उन लोगों की जो किसान बन सकें। उसे सिर्फ चाहिए ऐसे मर्द औरत जो लोगों को सफाई सिखा सकें। उन्हें बीमारी से निकाल कर चंगा कर सकें।
आज शेन नुंग मुझे भी गर्म पानी पिलाना चाहता है अपने बगीचे में। मुझे लगता है कहाँ आ गया हूँ? अपने देश से दूर जहाँ बादशाह सुरा की जगह केवल गर्म पानी पिलाता है। हमारे तो इन्द्रादि देवों तक ने सुरा छोड़ कभी जल न पिया होगा।
शेन नुंग मेरी ओर बढाता है उबलते हुए पानी का एक प्याला। उस रत्न जड़ित प्याले को छूते ही मुझे याद आती है अपनी महामाया। मुझे देख कर हँसती है महामाया। पास की एक झाड़ी से तोड़ कर हरी पत्तियाँ डाल देती है उस उबलते पानी में। महक उठता है पानी। मैं उसे पीता हूँ अपनी देवी के चरणामृत की तरह। भर उठता हूँ एक ताज़गी से। पूछता है शेन नुंग – यह क्या है अतिथि? मैं आखें बंद किए बुदबुदाता हूँ…..चाह!
शेन नुंग पीता है उन्हीं पत्तियों को पानी में डाल कर और चाह -चाह चिल्लाते हुए नंगे पांव ही खड़ा हो जाता है अपने महल के बाहर।
दुनिया कहती है— चीन ने दी चाय दुनिया को। मैं दुनिया को नहीं बताता, यह चाह महामाया ने दी थी। प्रेम में कितना कुछ छिपाते हैं हम– यहाँ तक की दुनिया बदलने वाले अविष्कार भी।

राजेश्वर वशिष्ठ  –
एक स्वतन्त्र लेखक है, आप अपनी अनूठी कविताओं और किस्से कहने के लिए जानें जाते है।